मध्यप्रदेश

ओबीसी समाज को उनकी जनसंख्या के अनुसार आरक्षण मिले — डॉ मनोज यादव समाजवादी पार्टी की मांग

समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में ओबीसी समाज की आबादी 52 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन उन्हें आज भी उनकी जनसंख्या के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। समाजवादी पार्टी स्पष्ट रूप से यह मांग करती है कि ओबीसी वर्ग को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण दिया जाए और इसे भारतीय संविधान की नौवीं अनुसूची (Schedule 9) में शामिल किया जाए ताकि किसी भी न्यायिक या राजनीतिक दबाव में यह अधिकार कभी समाप्त न किया जा सके।

डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव कहते हैं कि “हम डंके की चोट पर आरक्षण देंगे,” तो फिर वे इसे व्यवहार में साबित करें और ओबीसी आरक्षण को संवैधानिक सुरक्षा दिलाएं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि “हम जातियों में नहीं मानते,” तो फिर ओबीसी समाज के हक की बात पर सरकार मौन क्यों है?

समाजवादी पार्टी यह जानना चाहती है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा, वी.डी. शर्मा, और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इस मुद्दे पर क्या रुख रखते हैं — क्या वे ओबीसी को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण देने के पक्ष में हैं या नहीं? यह देश और समाज के लिए जानना आवश्यक है।

डॉ. मनोज यादव ने कहा कि जब ईडब्ल्यूएस आरक्षण दिया गया था, तब समाजवादी पार्टी ने उसका विरोध नहीं किया बल्कि उसका सम्मान किया, क्योंकि हम मानते हैं कि समाज के हर वर्ग को न्याय मिलना चाहिए। उसी तरह आज जब ओबीसी समाज अपने हक की बात कर रहा है, तो सभी राजनीतिक दलों और संतों को भी खुलकर अपना मत रखना चाहिए।

उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भी सवाल किया कि जो “हिंदू राष्ट्र” की बात करते हैं, क्या वे पिछड़ा वर्ग को उनका हक दिलाने के लिए भी आवाज उठाएंगे? क्या वे ओबीसी समाज के लिए भी कोई यात्रा निकालेंगे? सनातन धर्म का अर्थ सबको न्याय देना है, न कि किसी वर्ग को उपेक्षित रखना।

डॉ. यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी के सांसद आदरणीय धर्मेंद्र यादव जी ने कहा है कि आगामी शीतकालीन सत्र में पार्टी संसद में ओबीसी आरक्षण को लेकर आवाज बुलंद करेगी। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी लगातार यह बात दोहराते रहे हैं कि समाजवादी पार्टी हर वर्ग के साथ है और सभी को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश यह स्पष्ट करती है कि हम हर उस वर्ग के साथ खड़े हैं जिसे उसका हक नहीं मिला है। ओबीसी समाज को उनकी जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण मिले — यही संविधान की सच्ची भावना है और यही सामाजिक न्याय का मार्ग है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button