क्या धीरेंद्र शास्त्री ओबीसी के लिए यात्रा निकालेंगे ,जनसंख्या के आधार पर दिया जाए ओबीसी को आरक्षणः डॉ मनोज यादव प्रदेश अध्यक्ष सपा

भोपाल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में ओबीसी समाज की आबादी 52 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन उन्हें आज भी जनसंख्या के अनुपात में अधिकार प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग है कि ओबीसी वर्ग को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण दिया जाए और इसे भारतीय संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम डंके की चोट पर आरक्षण देंगे, तो फिर वे इसे व्यवहार में साबित करें और ओबीसी आरक्षण को संवैधानिक सुरक्षा दिलाएं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि हम जातियों को नहीं मानते, तो फिर
ओबीसी समाज के हक की बात पर सरकार मौन क्यों है। यादव ने कहा कि जब ईडब्ल्यूएस आरक्षण दिया गया था, तब समाजवादी पार्टी ने उसका विरोध नहीं किया, बल्कि उसका सम्मान किया, क्योंकि हम मानते हैं कि समाज के हर वर्ग को न्याय मिलना चाहिए। उसी तरह आज जब ओबीसी समाज अपने हक की बात कर रहा है, तो सभी राजनीतिक दलों और संतों को भी खुलकर अपना मत रखना चाहिए। उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भी सवाल किया कि जब वे हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, क्या वे पिछड़ा वर्ग को उनका हक दिलाने के लिए भी आवाज उठाएंगे। क्या वे ओबीसी समाज के लिए भी कोई यात्रा निकालेंगे। सनातन धर्म का अर्थ तो सबको न्याय देना है, न कि किसी वर्ग को उपेक्षित रखना।



